नवोत्थान स्टार्टअप फाउंडेशन, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज कन्नौज द्वारा “उड़ान 1.0” का सफल आयोजन
कन्नौज, 17 मार्च 2026।
नवोत्थान स्टार्टअप फाउंडेशन, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज (REC) कन्नौज के तत्वावधान में होटल आशा, कन्नौज में “उड़ान 1.0: कनेक्टिंग स्टार्टअप, इंडस्ट्री और इन्वेस्टर्स” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उभरते स्टार्टअप्स, उद्योग जगत और निवेशकों को एक साझा मंच प्रदान कर नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देना रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी श्री आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं विशिष्ट अतिथि जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती अपूर्वा दुबे, जिला उद्योग केंद्र के जनरल मैनेजर श्री प्रेमकांत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. मनोज कुमार शुक्ला एवं मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर आयोजित स्टार्टअप इंडस्ट्री पैनल डिस्कशन में उद्योग विशेषज्ञों एवं शिक्षाविदों ने स्टार्टअप इकोसिस्टम की वर्तमान चुनौतियों और संभावनाओं पर गहन चर्चा की। पैनल में श्री अमित तिवारी (फाउंडर, एमकेटी सॉफ्टवेयर्स), श्री अखिलेश शुक्ला (को-फाउंडर, युक्ति एडुटेनमेंट), डॉ. आकाश अग्रवाल (REC कन्नौज) ने अपने विचार साझा किए, जबकि सत्र का संचालन इनक्यूबेशन मैनेजर सुश्री किरण कुमारी द्वारा किया गया। विशेषज्ञों ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में स्टार्टअप संस्कृति के विकास, संसाधनों की उपलब्धता, निवेश तक पहुंच और मेंटरशिप की आवश्यकता पर बल दिया।
पैनल चर्चा के उपरांत संस्थान के इनक्यूबेशन सेंटर में इनक्यूबेटेड एवं वित्तीय सहयोग प्राप्त स्टार्टअप्स और नवप्रवर्तकों द्वारा अपने उत्पादों एवं नवाचारों का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों ने सराहा। इस मंच ने युवा उद्यमियों को अपने विचार प्रस्तुत करने और संभावित निवेशकों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम में संस्थान के रजिस्ट्रार डॉ. बी.डी. के पात्रों, वित्त एवं लेखाधिकारी श्रीमती नीलम शर्मा, डीन एकेडमिक्स डॉ. अरुण कुमार सिंह, इनक्यूबेशन सेंटर के निदेशक डॉ. रविश सिंह राजपूत, समन्वयक डॉ. विजय कुमार तिवारी, सहायक प्रबंधक सौरभ यादव सहित संस्थान के अनेक शिक्षकगण उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त एफएफडीडीसी से डॉ. विलास, आबकारी अधिकारी श्री अबुल अंसारी, राजकीय पॉलिटेक्निक तिर्वा, अन्नौगी एवं तालग्राम के प्रधानाचार्य, अत्तर एसोसिएशन के प्रतिनिधि श्री लालिन मिश्रा एवं श्री प्रवीण टंडन सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में संस्थान द्वारा समर्थित शीर्ष 10 स्टार्टअप्स के साथ-साथ 40 से अधिक छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
“उड़ान 1.0” ने कन्नौज क्षेत्र में स्टार्टअप संस्कृति को नई दिशा देने और स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध किया।

